पहचान छिपाकर युवती को शादी का झांसा, होटल में जबरन संबंध बनाने का आरोप; शाकिब अली गिरफ्तार

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर पहचान छिपाकर शादी का झांसा देने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान शाकिब अली पुत्र असलम अली, निवासी गदरपुरा, थाना गदरपुर, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, युवती ने 10 सितंबर 2026 को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शाकिब अली ने अपनी पहचान छिपाकर उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोप है कि 10 सितंबर को आरोपी युवती को आवास विकास स्थित एक होटल में लेकर गया, जहां उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। बाद में युवती को आरोपी की वास्तविक पहचान का पता चला। शिकायत में आरोपी पर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
तहरीर के आधार पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली में मु0अ0सं0 290/2026, धारा 69, 319(2) और 351 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पूनम रावत को सौंपी गई और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अटरिया रोड, आवास विकास स्थित राज पैलेस होटल के पास से शाकिब अली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, उपनिरीक्षक पूनम रावत और कांस्टेबल राजेंद्र कुमार शामिल रहे।









